लखनऊ, 06 सितंबर 2026। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास), उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में आज ग्राम कुकरा एवं ग्राम दुर्गागंज, लखनऊ में ‘पासी शौर्य यात्रा’, ‘दलित चौपाल’ एवं ‘सदस्यता अभियान’ का भव्य आयोजन किया गया। पासी शौर्य यात्रा में हजारों की संख्या में समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। दोनों स्थानों पर आयोजित सदस्यता अभियानों में बड़ी संख्या में पासी समाज के लोगों ने लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की सदस्यता ग्रहण की।
दोनों कार्यक्रमों का संचालन श्री नरेंद्र पासवान एवं श्री राजेंद्र प्रसाद रावत ने किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्री राजीव पासी जी रहे।
चौपाल को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष श्री राजीव पासी ने पासी-पासवान सहित समस्त दलित समाज से अपने अधिकार, सम्मान और सामाजिक न्याय के लिए एकजुट होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाज को अपनी ताकत पहचाननी होगी और मजबूत नेतृत्व के साथ आगे बढ़ना होगा। पासी समाज के गौरवशाली इतिहास और वीर परंपरा का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि हमारे पूर्वजों ने देश और समाज की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया था।
प्रदेश अध्यक्ष ने पार्टी के संस्थापक पद्म विभूषण स्वर्गीय रामविलास पासवान जी के योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने पिछड़े, दलित, आदिवासी तथा गरीब सामान्य वर्ग के अधिकारों और सामाजिक न्याय के लिए जीवनभर संघर्ष किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि श्रद्धेय रामविलास पासवान जी के विचारों और जनकल्याणकारी कार्यों को गांव-गांव तथा घर-घर तक पहुंचाएं। उनका प्रसिद्ध संदेश “मैं उस घर में दिया जलाने चला हूं, जहां सदियों से अंधेरा है” आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।
गठबंधन के सवाल पर श्री राजीव पासी ने कहा कि अंतिम निर्णय पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री श्री चिराग पासवान जी के नेतृत्व में होगा। उन्होंने कहा कि पार्टी उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर संगठन को मजबूत करने की तैयारी कर रही है तथा आगामी पंचायत चुनाव भी अपने बलबूते पर लड़ने की दिशा में कार्य करेगी।
कार्यक्रम में श्रीमती कमला कुमारी, श्री अश्विनी श्रीवास्तव, श्री राजेंद्र प्रसाद रावत, श्री विजय पाल पासी, श्री रत्नेश सिंह, श्री नरेंद्र पासवान सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समाज के लोग उपस्थित रहे।


Comments
Post a Comment