Skip to main content

चित्रांश समाज स्प्रिंग ग्रीन्स द्वारा भव्य स्नेह मिलन समारोह का आयोजन

चित्रांश समाज स्प्रिंग ग्रीन्स द्वारा स्नेह मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में चित्रांश समाज के परिवार बड़ी संख्या में शामिल हुए और एक-दूसरे से मुलाकात कर आपसी भाईचारे का संदेश दिया। समारोह स्थल को फूलों, झालरों और भगवान चित्रगुप्त जी की तस्वीर से सजाया गया था। बैनर पर "स्नेह मिलन समारोह में आपका स्वागत है" लिखा था।  आयोजकों ने बताया कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज के लोगों को एकजुट करना, आपसी संबंधों को मजबूत करना और नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ना है।  सभा के दौरान समाज के वरिष्ठजनों का सम्मान भी किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित मनीष वर्मा और राजीव श्रीवास्तव ने सभी का इस कार्यक्रम में आने के लिए दिल से आभार व्यक्त किया। सभी लोगों ने इसे एकजुटता और सौहार्द का प्रतीक बताया।

एनएचएम संविदा कर्मचारियों ने प्रदेश स्तरीय बैठक कर बनाई रणनीति


लखनऊ, उ०प्र० राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ (रजि०) की समस्याओं के सम्बन्ध में प्रदेश स्तरीय बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में अतिथि के रूप में भारतीय मजदूर संघ से विभाग प्रमुख (पूर्ण कालिक संगठन मंत्री) अश्वनी शुक्ला जी, उ०प्र० राज्य कर्मचारी एशोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष व भारतीय मजदूर संघ के पूर्व जिला अध्यक्ष लखनऊ हरिशरण मिश्रा जी एवं उनके प्रदेश महामंत्री महेन्द्र कुमार दीक्षित जी की गरिमामयी उपस्थिति रही।


बैठक की अध्यक्षता कर रहे एनएचएम संघ के प्रदेश अध्यक्ष ठा० मयंक प्रताप सिंह ने सभी उपस्थित अतिथियों का स्वागत एवं अभिनन्दन किया, इस बैठक में प्रदेश के समस्त जनपदों एवं मण्डलों से आये पदाधिकारियों ने प्रतिभाग किया। प्रदेश अध्यक्ष मयंक प्रताप सिंह ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अन्तर्गत कार्यस्त संविदा कर्मचारियों की गम्भीर समस्याओं का प्रकाश डालते हुये आगामी समय में कर्मचारियों की मुख्य मांगों में नियमितीकरण/समान कार्य समान वेतन, वेतन बढ़ोत्तरी, जॉब सुरक्षा एवं कैशलेस चिकित्सा सुविधा अथवा स्वास्थ्य बीमा शामिल हैं एवं इसके साथ ही कर्मचारियों के मानदेय भुगतान में आ रही समस्याओं के समाधान हेतु एक वृहद आन्दोलन आयोजित किये जाने की रूपरेखा पर चर्चा की तथा जनपदों को इस तैयारी हेतु आवश्यक दिशा निर्देश देते हुये कहा कि यदि कर्मचारियों की मानदेय सम्बन्धी समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो भारतीय मजदूर संघ के मार्गदर्शन में व्यापक आन्दोलन किया जायेगा।


एनएचएम संघ प्रदेश महामंत्री आदित्य भारती ने बताया कि एनएचएम कर्मचारियों को पिछले एक वर्ष से प्रदेश के अधिकांश जनपदों में संविदा कर्मचारियों को मार्च माह से अब तक के मानदेय का भुगतान नहीं किया गया है जिससे कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों को भारी आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है. इससे कर्मचारियों में व्यापक रोष व्याप्त है। इसके अतिरिक्त उन्होंने कर्मचारियों के नियमितिकरण, सेवा सुरक्षा, पदों के सूजन एवं रिक्त पदों पर स्थानान्तरण के सम्बन्ध में भी विस्तृत चर्चा की जो कि आगामी रणनीति का हिस्सा रहेगा। साथ ही महामंत्री आदित्य भारती ने बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों को 18 जून 2026 को भारतीय मजदूर संघ द्वारा प्रस्तावित विशाल धरना प्रदर्शन में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाने के लिये आवाह किया।


बैठक में उपस्थित भारतीय मजदूर संघ के पदाधिकारी अश्वनी शुक्ला जी ने संगठन को स्पष्ट किया कि कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान हेतु सम्बन्धित उच्चाधिकारियों से वार्ता कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित कराई जायेगी। राज्य कर्मचारी एशोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष हरिशरण मिश्रा जी ने कर्मचारियों को विश्वास दिलाते हुये कहा कि हम सब पूरी तरह से संगठन के साथ है।


कार्यक्रम के अन्त में प्रदेश अध्यक्ष मयंक प्रताप सिंह एवं प्रदेश महामंत्री आदित्य भारती ने सभी उपस्थित पदाधिकारियों एवं अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुये संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का आह्वान किया। इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष राम प्रताप सिंह, रवीन्द्र राठी, महिला उपाध्यक्ष अस्मिता सिंह, सीएचओ संघ के प्रदेश अध्यक्ष हिमालय कुमार, अयोध्या मण्डल अध्यक्ष डा० ज्ञानेन्द्र भारती, डा० शैलजाकान्त पाण्डेय, डा० अब्दुल तव्याब, डा० आकर्ष शुक्ला, चन्द्रशेखर यादव, रत्नेश बाजपेई, रवि शुक्ला, पंकज त्रिपाठी, हिमांशु सिंह सहित जिले व मण्डल के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Comments