SC/ST किसानों की जमीन हड़पने के मामले में किसान नेता का अल्टीमेटम, एक हफ्ते में जांच नहीं तो CM से मिलेंगे
लखनऊ में SC/ST किसानों की जमीन हड़पने के मामले ने फिर तूल पकड़ लिया है। भारतीय किसान मंच एवं भारतीय गौ सेवा परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष देवेंद्र कुमार तिवारी ने आज प्रेस वार्ता कर प्रशासन को एक हफ्ते का अल्टीमेटम दिया है। उन्होंने कहा कि अगर सात दिन में SIT गठित कर पूरे मामले की जांच शुरू नहीं हुई तो वे खुद मुख्यमंत्री से मुलाकात कर प्रकरण को उनके संज्ञान में लाएंगे।
देवेंद्र तिवारी ने दोहराया कि अमित तिवारी और संतोष तिवारी ने Iresh Infra Heights LLP, Kushi Enterprises, AG Associate, Crystal Reality जैसी शेल कंपनियों के जरिए निजामपुर मड़ियांव, हसनपुर खेवली, माहरू कलां समेत 9 गांवों में SC/ST किसानों की जमीनें हड़पी हैं। आरोप है कि निरक्षर किसानों को बहलाकर पहले जमीनें बिचौलियों के नाम कराई गईं, फिर बायबैक दिखाकर कंपनियों के नाम कर ली गईं। ICICI बैंक की हजरतगंज, अलीगंज, मलिहाबाद शाखाओं में फर्जी खाते खोलकर कागजी मनी ट्रेल बनाई गई, जबकि किसानों को एक रुपया नहीं मिला।
किसान नेता ने कहा कि यह उ.प्र. राजस्व संहिता की धारा 98(1), 99 और 105 का सीधा उल्लंघन है। SC/ST की जमीन बिना DM की अनुमति बेची ही नहीं जा सकती। उन्होंने SDM/तहसीलदार से सभी दाखिल-खारिज पर तुरंत रोक लगाने और राजस्व, बैंकिंग विशेषज्ञ व पुलिस की संयुक्त SIT से जांच की मांग फिर दोहराई। साथ ही अमित तिवारी, संतोष तिवारी, बिचौलियों और बैंक अधिकारियों पर BNS व SC/ST एक्ट में FIR की मांग की।
देवेंद्र तिवारी ने दावा किया कि उनके पास सभी पीड़ित किसानों की सूची और पुख्ता साक्ष्य हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि कागजों में हेराफेरी रोकने के लिए जांच में देरी बर्दाश्त नहीं होगी। फिलहाल जिला प्रशासन की तरफ से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

Comments
Post a Comment