सीतापुर, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) द्वारा जनपद सीतापुर के मखुवापुर बाजार छावनी में आयोजित “दलित चौपाल, सामाजिक सहभोज एवं कार्यकर्ता सम्मेलन” कार्यक्रम का भव्य एवं सफल आयोजन संपन्न हुआ। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में दलित, शोषित, वंचित, पिछड़े वर्गों के लोगों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं पार्टी कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे आयोजन ने सामाजिक समरसता, संगठनात्मक एकता एवं जनसरोकारों के प्रति पार्टी की प्रतिबद्धता का सशक्त संदेश दिया।
यह कार्यक्रम लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं भारत सरकार के केंद्रीय मंत्री आदरणीय श्री चिराग पासवान जी के निर्देश एवं प्रेरणा से आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश प्रभारी एवं जमुई सांसद माननीय श्री अरुण भारती जी रहे। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास की किरण पहुँचाना ही पार्टी का मूल उद्देश्य है। उन्होंने दलित, शोषित एवं वंचित समाज की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा उनके सामाजिक, शैक्षणिक एवं आर्थिक उत्थान के लिए पार्टी की दृढ़ प्रतिबद्धता व्यक्त की।
मुख्य अतिथि ने कहा कि लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) सदैव गरीबों, किसानों, युवाओं, महिलाओं, दलितों एवं पिछड़े वर्गों के अधिकारों और सम्मान की लड़ाई लड़ती रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं तथा संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने का कार्य करें।
कार्यक्रम में पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता माननीय श्री धीरेन्द्र कुमार सिन्हा जी, प्रदेश अध्यक्ष माननीय श्री अरविन्द पासवान जी, प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्री अश्वनी श्रीवास्तव जी, प्रदेश उपाध्यक्ष श्री पियूष सोमानी जी, प्रदेश महासचिव एवं मीडिया प्रभारी श्री लोकेश श्रीवास्तव जी प्रदेश महासचिव शारदा श्रीवास्तव जी सहित प्रदेश, मंडल एवं जिला स्तर के अनेक पदाधिकारी, प्रकोष्ठ अध्यक्ष, जिला अध्यक्ष, मंडल प्रभारी एवं हजारों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सीतापुर जिलाध्यक्ष श्री शंभूनाथ रावत जी ने की। इस अवसर पर संगठन विस्तार, बूथ सशक्तिकरण, सामाजिक समरसता, आगामी कार्यक्रमों की रणनीति तथा जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। सामाजिक सहभोज के माध्यम से समाज में समानता, भाईचारे और एकजुटता का संदेश भी दिया गया।
लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) सभी सम्मानित पत्रकार बंधुओं, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्र की जनता का हार्दिक आभार व्यक्त करती है, जिनके सहयोग, समर्थन एवं सक्रिय सहभागिता से यह कार्यक्रम ऐतिहासिक, प्रेरणादायक एवं पूर्णतः सफल रहा।

Comments
Post a Comment