लखनऊ राजधानी के अलीगंज इलाके में स्थित एक कोचिंग सेंटर में भीषण आग लगने से 15 बच्चों की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस व फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बड़ी अनहोनी हो चुकी थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कोचिंग सेंटर में अचानक आग भड़क गई और धुएं के कारण बच्चे बाहर नहीं निकल पाए। हादसे में 15 बच्चों की मौके पर ही दम घुटने से मौत हो गई। कई बच्चे झुलस भी गए हैं, जिन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी व पुलिस मौके पर पहुंचे। घटना का निरीक्षण करने लोक जनशक्ति पार्टी रामविलास के प्रदेश उपाध्यक्ष पीयूष सोमानी भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मृतक बच्चों के परिजनों से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त की और सरकार से पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा व हादसे की उच्चस्तरीय जांच की मांग की।
पीयूष सोमानी ने कहा कि कोचिंग सेंटरों में फायर सेफ्टी के इंतजाम न होना बड़ी लापरवाही है। उन्होंने दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और शहर के सभी कोचिंग संस्थानों की फायर ऑडिट कराने की मांग उठाई। फिलहाल पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है।

Comments
Post a Comment