15 जुलाई 2026 (बुधवार) की रात्रि लगभग 11:00 से 12:00 बजे के मध्य रायबरेली जनपद के थाना नसीराबाद क्षेत्र अंतर्गत ग्राम डेला, नसीराबाद, तहसील सलोन, विकासखंड छतोह निवासी दलित परिवार के सदस्य श्री राम सिंह पासी की कथित रूप से अज्ञात व्यक्तियों द्वारा हत्या किए जाने की घटना पर लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने गहरा दुःख एवं चिंता व्यक्त की है। परिजनों के अनुसार मृतक पर पहले पीछे से सिर पर गंभीर प्रहार किया गया तथा उसके बाद गला दबाकर उनकी हत्या कर दी गई, जिसका उल्लेख सीसीटीवी फुटेज के आधार पर भी किया गया है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम हेतु भेजा तथा मामले की जांच प्रारंभ कर दी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामान्य निष्कर्ष आने के बावजूद पुलिस विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के उत्तर प्रदेश प्रदेशाध्यक्ष माननीय श्री अरविन्द पासवान जी ने प्रदेश एवं जिला पदाधिकारियों के साथ घटनास्थल का दौरा कर शोकाकुल परिवार से मुलाकात की। उनके साथ प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्री अश्वनी श्रीवास्तव, प्रदेश उपाध्यक्ष श्री पियूष सोमानी, प्रदेश महासचिव श्री सुनील सिंह, लखनऊ मण्डल प्रभारी श्री वेद प्रकाश, लखनऊ जिला अध्यक्ष श्री नरेन्द्र पासवान, अमेठी जिला अध्यक्ष श्री धर्मराज पासवान, वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष श्री अनिल दुबे सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ित परिवार को हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
प्रदेशाध्यक्ष श्री अरविन्द पासवान ने रायबरेली के पुलिस अधीक्षक एवं थाना प्रभारी से वार्ता कर निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध जांच, दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की। साथ ही उन्होंने मृतक के परिवार को समुचित आर्थिक सहायता, पात्र सरकारी योजनाओं का लाभ, परिवार के एक योग्य सदस्य को सरकारी नौकरी तथा आवश्यक सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने स्पष्ट किया कि दलित समाज के सम्मान, सामाजिक न्याय एवं पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए पार्टी लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से अपना संघर्ष निरंतर जारी रखेगी।

Comments
Post a Comment