पीएमएस संघ चुनाव: अध्यक्ष प्रत्याशी डॉ. आरके सैनी ने बलरामपुर हॉस्पिटल में किया जनसंपर्क, घोषणा पत्र जारी
लखनऊ, 22 जून 2026 को होने वाले पीएमएस संघ के चुनाव के मद्देनजर अध्यक्ष पद के प्रत्याशी डॉ. आरके सैनी ने शनिवार को बलरामपुर हॉस्पिटल में सघन जनसंपर्क अभियान चलाया । "मजबूत नेतृत्व, पारदर्शी व्यवस्था और हर डॉक्टर के सम्मान की आवाज" के नारे के साथ डॉ. सैनी ने डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ और कर्मचारियों से मुलाकात कर समर्थन मांगा।
डॉ. आरके सैनी ने कहा कि वह एक ऐसे मजबूत, पारदर्शी और प्रगतिशील संगठन के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध हैं जहाँ प्रत्येक डॉक्टर को सम्मान, सुरक्षा और प्रभावी प्रतिनिधित्व प्राप्त हो। घोषणा पत्र में PHC से लेकर राज्य स्तर तक प्रत्येक डॉक्टर की प्रभावी आवाज सुनिश्चित करने, कानूनी या प्रशासनिक संघर्ष में डॉक्टरों को अकेला न छोड़ने और महिला डॉक्टरों के लिए सुरक्षित कार्यस्थल व सम्मानजनक वातावरण बनाने का संकल्प लिया गया है। युवा डॉक्टरों को प्रशिक्षण, मार्गदर्शन और नेतृत्व के अवसर देकर भविष्य का नेतृत्व तैयार करने, शोध आधारित नीतियों को बढ़ावा देने और हर निर्णय में पारदर्शिता व वित्तीय जवाबदेही सुनिश्चित करने की बात कही गई है। एकीकृत डिजिटल PMS नेटवर्क के माध्यम से सूचना, संवाद और समस्याओं के त्वरित समाधान की व्यवस्था तथा डॉक्टरों की गरिमा, सुरक्षा, सम्मान व मानसिक स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का वादा भी किया गया है।
प्रमुख मांगों में सेवा नियमावली 2020 में डॉक्टरों के हितों को ध्यान में रखते हुए व्यावहारिक संशोधन, ऑनलाइन ACR प्रक्रिया को निष्पक्ष व पारदर्शी बनाना, चिकित्सकों के लिए सुरक्षित व गुणवत्तापूर्ण आवास व्यवस्था उपलब्ध कराना, कार्यस्थल पर सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देना और NPA से संबंधित विसंगतियों को दूर कर न्यायपूर्ण व्यवस्था लागू करना शामिल है। डॉ. सैनी ने पारदर्शी नेतृत्व, एकजुट चिकित्सक समुदाय, समस्याओं का त्वरित समाधान, डॉक्टरों की सुरक्षा-सम्मान और युवा डॉक्टरों के लिए बेहतर भविष्य का वादा करते हुए "डॉक्टरों के हित में, बदलाव के संकल्प के साथ" काम करने का भरोसा दिलाया। जनसंपर्क के दौरान बड़ी संख्या में अस्पताल कर्मी मौजूद रहे।

Comments
Post a Comment