भारत में सोमवार को कोरोनावायरस के दो नए मामलों की पुष्टि हुई है। भारत सरकार ने देश में कोरोनावायरस से दो और लोगों के संक्रमित होने की पुष्टि की है। इसमें से एक मरीज नई दिल्ली और दूसरा तेलंगाना से है। दोनों मरीजों की हालत अभी स्थिर बताई जा रही है और उनपर करीबी से नजर रखी जा रही है। दिल्ली और तेलंगाना में कोरोनावायरस का यह पहला मामला है।केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. हर्षवर्धन कोरोना वायरस को लेकर लगातार संवेदनशील बने हुए हैं। देश के सभी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों, बंदरगाहों, नेपाल से भारत आने के रास्तों पर उच्च स्तर की सतर्कता बरती जा रही है। स्वास्थ्य मंत्रालय के अधिकारी कहते हैं लेकिन इतना भर काफी नहीं है। विदेश मंत्रालय के सूत्रों का भी कहना है कि कोरोना वायरस लगातार गंभीर रूप ले रहा है। यह चीन, ईरान, जापान, इटली समेत तमाम देशों में फैल रहा है। बताते हैं करीब 50 देशों में कोरोना वायरस के संक्रमति हो सकते हैं। वहीं वित्त मंत्रालय के एक संयुक्त सचिव ने भारतीय अर्थव्यवस्था इसके गंभीर असर पडऩे की संभावना जताई है।
देश में कोरोना के अबतक पांच मरीज
दिल्ली और तेलंगाना में मिले कोरोनावायरस के दो नए मामलों के मद्देनजर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर हर्षवर्धन ने कहा है कि स्थिति पर नजर रखी जा रही है। उन्होंने बताया कि इन दोनों मरीजों के पुराने रिकॉर्ड खंगालने पर पता चला है कि ये इटली और दुबई गए थे। इन दो मामलों के साथ ही देश में कोरोनावायरस के मरीजों की संख्या बढ़कर पांच हो गई। केंद्रीय मंत्री ने सोमवार को बताया कि यात्रियों की स्कीनिंग के लिए 21 हवाई अड्डों, 12 बड़े बंदरगाहों और 65 छोटे बंदरगाहों पर व्यवस्था की गई है। हवाई अड्डों पर अब तक 5,57,431 लोगों की जांच की जा चुकी है और 12,431 यात्रियों की जांच विभिन्न बंदरगाहों पर की गई। स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर हर्षवर्धन ने कहा कि जैसे-जैसे स्थिति बदल रही है, हम अन्य देशों पर भी यात्रा प्रतिबंध लगाने पर विचार कर सकते हैं। मौजूदा यात्रा एडवाइजरी के अंतर्गत चीन और ईरान के ई-वीजा समेत सभी तरह के वीजा को निलंबित किया जा चुका है। अगर स्थिति आगे बदलती है, तो अन्य देशों पर भी यह एडवाइजरी लागू की जा सकती है। डॉक्टर हर्षवर्धन ने भारतीयों को सलाह दी है कि अगर बहुत जरूरी न हो तो चीन, ईरान, कोरिया, सिंगापुर और इटली जानें से बचें। उन्होंने कहा कि हमने अभी से तैयारियां शुरू कर दी हैं और अन्य देशों पर करीब से निगाह बनाए हुए हैं। हम इस पर भी चर्चा कर रहे हैं कि क्या हमें अपने फैसलों की फिर से समीक्षा करनी है और किसी एक ही दिशा पर फोकस करना है। इस बीच तेलंगाना में एक और मरीज के पुष्टि होने पर राज्य के स्वास्थ्य शिक्षा निदेशक रमेश रेड्डी ने कहा कि मरीज का हैदराबाद स्थित एक अस्पताल में आइसोलेशन वार्ड में इलाज चल रहा है।
Comments
Post a Comment