उत्तर प्रदेश में कांग्रेस ने अपने जनाधार को बढ़ाने और योगी सरकार को घेरने की रूप रेखा तैयार की है. प्रदेश में किसानों के मुद्दे पर कांग्रेस ने आंदोलन की तैयारी पूरी कर ली है. बीजेपी सरकार की नीतियों से नाराज किसानों के बीच में कांग्रेस कार्यकर्ता जाकर उन्हें एकजुट करेंगे. कांग्रेस यूपी में किसान जनजागरण अभियान का आगाज इसी सप्ताह में शुरू कर रही है, जिसके तहत पार्टी कार्यकर्ता किसानों के घर-घर जाकर मांग पत्र भरवाएंगे और बीजेपी नेताओं के घर का घेराव करेंगे.
बता दें कि कांग्रेस महासचिव और यूपी की प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा से लेकर प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू तक लगातार किसानों के सावालों पर मुखर रहे हैं और योगी आदित्यनाथ की सरकार को घेरते रहे हैं. यूपी में किसान आवारा पशुओं से परेशान हैं. पिछले दिनों प्रियंका गांधी का आवारा पशुओं से परेशान किसानों की समस्या को लेकर किया गया ट्वीट सोशल मीडिया में काफी वायरल भी हुआ था. अब कांग्रेस ने जमीनी स्तर पर आंदोलन के जरिए योगी सरकार को घेरने की पूरी रणनीति बना ली है.
कांग्रेस का किसान जनजागरण अभियान
उत्तर प्रदेश में किसान एकतरफ आवारा पशुओं से परेशान हैं तो दूसरी तरफ किसान गन्ना भुगतान और धान खरीदारी में बिचौलियों की समस्याओं से जूझ रहा है. कांग्रेस किसानों की इन्हीं सारी समस्याओं को लेकर 6 फरवरी से किसान जनजागरण अभियान शुरू करने जा रही है. किसानों की समस्याओं को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ता सरकार को ब्लॉक, तहसील से लेकर लखनऊ तक घेरने की तैयारी और रणनीति का प्रशिक्षण लेकर अपने-अपने जिलों में तैयारी में जुट गए हैं.
Comments
Post a Comment