राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से गाजियाबाद में दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दिए जाने की घटना सामने आई है. परिजनों का दावा है कि बहन के साथ छेड़खानी का विरोध करने पर युवक और उसकी मां के साथ मारपीट की गई थी. मुकदमा दर्ज कराया था. अब छेड़खानी करने वालों ने ही युवक को गोली मारकर हत्या कर दी है.
वहीं, घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस लेन-देन में हत्या की बात कह रही है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया और तहकीकात शुरू कर दी. घटना शनिवार दोपहर की है.
बताया जाता है कि गाजियाबाद के लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र की मौलाना आजाद कॉलोनी में लगभग आधा दर्जन बदमाशों ने लोनी के बेहटा निवासी सलीम को गोलियों से भून डाला. गोलियों की तड़तड़ाहट सुनकर आस-पास के लोग मौके पर दौड़कर पहुंचे, लेकिन तब तक बदमाश फरार हो गए.
आसपास के लोग इस घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी. सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल हमलावरों की पहचान करने में जुटी हुई है.
ये भी पढ़ें- ग्वालियर: किले से कूदकर युवक-युवती ने दी जान, 10 दिन पहले हुई थी लड़की की शादी
इस संबंध में गाजियाबाद के पुलिस अधीक्षक (एसपी) देहात नीरज कुमार जादौन ने बताया, पुलिस हमलावरों की पहचान करने के लिए सीसीटीवी फुटेज का सहारा ले रही है. उन्होंने बताया कि सलीम अपने परिवार के साथ मौलाना आजाद कॉलोनी में रहता था. वह मूल रूप से गंज का रहने वाला था. एसपी देहात ने कहा कि शुरुआती जांच में सलीम का पड़ोस में ही रहने वाले कुछ लोगों के साथ पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहे होने की बात सामने आई है. उन्होंने कहा कि मृतक के परिजनों के अनुसार हमलावर करीब 5-6 लोग थे. हमलावरों की ओर से 6 राउंड फायरिंग की गई थी.
Comments
Post a Comment