हिमाचल के किन्नौर जिले के भावनगर के पास डेट सुंगर नामक स्थान पर भूस्खलन के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग-5 अवरुद्ध हो गया। इससे सैलानियों और स्थानीय लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। जनजातीय जिला में बीते दिन जंगी में ग्लेशियर और शौंगटोंग में भारी भरकम चट्टानें गिरने के कारण नेशनल हाईवे पांच यातायात के लिए अवरुद्ध हो गया था। बर्फबारी से जिले के सभी ग्रामीण रूट भी यातायात के लिए ठप पड़े हैं, जिस कारण लोगों को आवाजाही करने में दिक्कतें पेश आ रही हैं। एनएचएआई के कनिष्ठ अभियंता मोहन मैहता ने बताया कि शाम तक सड़क को यातायात के लिए बहाल कर दिया जाएगा।
वहीं जिले के कई ग्रामीण इलाकों सहित स्पीति वैली में अंधेरा पसरा हुआ है। गौरतलब है कि बीते दिनों हुई भारी बर्फबारी के कारण समूचे किन्नौर जिले में विभिन्न व्यवस्थाएं चरमरा गई हैं। रिकांगपिओ से पूह काजा की तरफ एनएच पांच पर कई स्थानों पर ग्लेशियर और भारी भरकम चट्टानें गिरने के कारण वाहनों की आवाजाही के लिए ठप रहा।
पोवारी से पूह की ओर पूर्वणी झूला, जंगी के पास, नेसंग, भगत नाला, टिंकू नाला के पास एनएच पर करीब 5 स्थानों पर पहाड़ी से ग्लेशियर आने और भूस्खलन से एनएच पांच बाधित रहा। जिले के कई ग्रामीण इलाकों सहित काजा और स्पीति में अंधेरा पसरा हुआ है।
Comments
Post a Comment