नागरिकता संशोधन अधिनियम को लेकर देशभर के कई स्थानों पर विरोध प्रदर्शन जारी है। दिल्ली में प्रदर्शन के दौरान योगेंद्र यादव, उमर खालिद, संदीप दीक्षित, सीताराम येचुरी सहित सैकड़ों की संख्या में अन्य लोगों को हिरासत में लिया गया है। बंगलूरू में इतिहासकार रामचंद्र गुहा को भी हिरासत में लिया गया है। दिल्ली में 20 मेट्रो स्टेशनों को ऐतिहातन बंद कर दिया गया है। वहीं दिल्ली के कुछ इलाकों में इंटरनेट और मोबाइल सेवा भी रोक दी गई है। यूपी के संभल में प्रदर्शनकारियों ने बस में आग लगा दी। गुजरात में पुलिस ने लाठीचार्ज किया है।
लखनऊ में आगजनी और तोड़फोड़
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ प्रदर्शन ने हिंसक रूप ले लिया है। प्रदर्शनकारियों ने यहां पुलिस पर पथराव किया और नारेबाजी की। इस दौरान प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े। वहीं मदेहगंज चौकी में चौकी के पास तोड़ फोड़ और आगजनी की गई है। गंज में प्रदर्शनकारियों पर लाठी चार्ज की गई है।
वहीं लखनऊ के हसनगंज में वाहनों में आग लगा दी गई।
लखनऊ रेंज के आईजी एसके भगत ने बताया, परिवर्तन चौक पर स्थिति बिल्कुल सामान्य है। 300-400 लोग यहां खड़े हैं। उनका ज्ञापन लेने के बाद उन्हें वापस भेजा जा रहा है।
वहीं, लखनऊ के सीतापुर रोड पर खदरा के बाद ठाकुरगंज थाना क्षेत्र के छोटा इमामबाड़ा के सतखंडा के पास प्रदर्शनकारियों ने पुलिस चौकी फूंक दी। कई गाड़ियों में आग भी लगाई। रामगंज चौराहे पर पुलिस पर पथराव किया गया है। मस्जिद की छत से पथराव किया जा रहा है।
दिल्ली में गुरुग्राम रोड यानि NH-8 पर ट्रैफिक जाम की वजह से 16 उड़ानों में देरी हुई है। इंडिगो ने 19 उड़ानों को रद्द कर दिया है, क्योंकि चालक दल के सदस्य ट्रैफिक जाम और अन्य कारणों से जाम में फंसे हैं।
सम्भल जिला मजिस्ट्रेट ने बताया कि विरोध प्रदर्शन के दौरान हिंसा के बाद इंटरनेट सेवाओं को अगले आदेश तक निलंबित कर दिया गया है। वहीं गोरखपुर में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने नागरिकता संशोधन अधिनियम के विरोध में प्रदर्शन किया।
Comments
Post a Comment