जम्मू-कश्मीर के प्रवेश जिला कठुआ की हीरानगर तहसील में पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण जेटली की याद में अंतरराष्ट्रीय स्तर का स्टेडियम तैयार किया जाएगा। रविवार को जिला उपायुक्त के नेतृत्व में जम्मू-कश्मीर खेल परिषद के इंजीनियरों की टीम ने हीरानगर में चिह्नित की गई 200 कनाल भूमि का मुआवजा किया। चिह्नित भूमि की फिजिबिलिटी का अध्ययन पूरा कर लिया गया है। स्टेडियम में क्रिकेट, फुटबाल, हॉकी समेत अन्य खेल गतिविधियों की सुविधाएं देने की योजना है।दरअसल, हीरानगर में पूर्व मंत्री अरुण जेटली की ससुराल है। पीएमओ में राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने सितंबर माह में केंद्रीय खेल मंत्री किरेन रिजिजू से मुलाकात कर हीरानगर स्टेडियम को अपग्रेड करने का प्रस्ताव दिया था। इसके बाद से अंतरराष्ट्रीय स्तर के स्टेडियम की कवायद तेज कर दी गई।
प्रशासन ने जरूरत के मुताबिक 200 कनाल भूमि का चयन किया था। यह भूमि हीरानगर के दशहरा मैदान के नजदीक है। जिला प्रशासन ने खेल परिषद को जल्द डीपीआर तैयार करने के निर्देश जारी कर दिए हैं। जिला उपायुक्त ओमप्रकाश भगत ने बताया कि पूर्व केंद्रीय मंत्री के नाम पर समर्पित स्टेडियम को लेकर जगह का मुआयना किया गया है। स्टेडियम को संभाग के बेहतरीन स्टेडियम में से एक बनाए जाने की योजना है।
जम्मू-कश्मीर से है खास नाता
पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण जेटली का हीरानगर से गहरा नाता रहा है। उनकी पत्नी संगीता जम्मू-कश्मीर के कद्दावर नेता रहे गिरधारी लाल डोगरा की बेटी हैं। गिरधारी लाल जम्मू-कश्मीर के वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं जम्मू-कश्मीर विधानसभा के सदस्य थे। डोगरा ने दो बार संसद सदस्य के रूप में और छह बार विधानसभा के सदस्य के रूप में कार्य किया। विगत 24 अगस्त को जेटली का निधन हो गया था।
Comments
Post a Comment