बिहार में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि वे दिन-दहाड़े अपराध को अंजाम दे रहे हैं। ताजा मामला राज्य के वैशाली का है, जहां शनिवार सुबह जिम के लिए जा रहे कांग्रेस नेता राकेश यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई और मौके से फरार हो गए। कांग्रेस नेता रोज की तरह सुबह जिम के लिए निकले थे, तभी बाइक सवार बदमाशों ने हाजीपुर के सिनेमा रोड के पास युवा कांग्रेस के पूर्व महासचिव राकेश यादव पर ताबड़तोड़ गोलीबारी की। जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी बाइक से फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही, एसपी मौके पर पहुंचे। एसपी को देखते ही स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए और पुलिस वाहन पर पथराव शुरू कर दिया। जिसके बाद एसपी ने पुलिस बल के साथ भागकर अपनी जान बचाई। पथराव से पुलिस के वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, साथ ही लोगों ने कई दुकानों में तोड़फोड़ भी की। शहर में जबरन दुकानों को भी बंद कराया जा रहा है।
पुलिस ने बताया है कि हत्या का वजह का अभी पता नहीं चल सका है। हालांकि उनकी हत्या के पीछे राजनीतिक कारण भी हो सकते हैं। उन्होंने बताया कि घटनास्थल से तीन खोखे बरामद किए गए हैं और आसपास के दुकानों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। जल्दी ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
Comments
Post a Comment